Wednesday, November 28, 2018

जम्मू कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक को तबादले का ख़तरा

द इंडियन एक्सप्रेस की ख़बर के मुताबिक़, जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने तबादले के ख़तरे को लेकर बयान दिया है.

सत्यपाल मलिक ने कहा, ''पता नहीं कब तबादला हो जाए. नौकरी तो नहीं जाएगी, तबादले का ख़तरा रहता है, तो जब तक मैं यहां हूं.... मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि चिट्ठी भेज देना. मैं ज़रूर फूल चढ़ाने आऊंगा.''

सत्यपाल मलिक कांग्रेस नेता गिरधारी लाल डोगरा की 31वीं बरसी पर आयोजित एक कार्यक्रम में ये बातें बोल रहे थे.

इससे ठीक एक दिन पहले सत्यपाल मलिक ने कहा था, ''ये स्पष्ट कर दूं कि अगर मैं दिल्ली की तरफ़ देखता तो मुझे सज्जाद लोन को मुख्यमंत्री बनाना पड़ता. लिहाज़ा मैंने मामले को ही ख़त्म कर दिया. अगर मैं ऐसा करता तो इतिहास मुझे बेईमान के रूप में याद करता. मैं बेईमान के तौर पर दर्ज नहीं होना चाहता. जो गाली देंगे, देंगे. लेकिन मैं संतुष्ट हूं कि मैंने जो किया, वो सही किया.''

पहले पीएम होते पटेल तो किसान होते सुखी: पीएम मोदी
जनसत्ता की ख़बर के मुताबिक़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान की एक चुनावी रैली में कहा कि अगर देश के पहले प्रधानमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल होते तो किसान बहुत सुखी होते.

मोदी ने कहा, ''सरदार पटेल किसान के बेटे थे और वो किसानों की समस्याओं को समझते थे. आज जो लोग मूंग और मसूर में फ़र्क़ नहीं समझते हैं वो देश को किसानी समझाने के लिए घूम रहे हैं.''

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, ''जो धरती से कटे हुए हैं, जिनका जन-जन से चार पीढ़ी तक नाता नहीं रहा है, वो लोग आपके दुखों को कभी नहीं समझ सकते.''

मोदी ने कहा, ''कांग्रेसी नेता किसानों का रोना रो रहे हैं. स्वामीनाथन आयोग ने नामदार की सरकार को दस साल पहले रिपोर्ट दी और उस वक़्त कहा था कि अगर किसानों को उनका लागत का डेढ़ गुणा एमएसपी मिलेगा तो किसानों की ज़िंदगी मुसीबत मुक्त होगी.''

मोदी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने किसानों को लागत का डेढ़ गुणा एमएसपी देना शुरू किया है.

इस बीच दिल्ली में गुरुवार, शुक्रवार को देशभर से किसान अपनी मांगों के साथ प्रदर्शन के लिए जुटेंगे.

एसबीआई ने बढ़ाई ब्याज़ दर
अमर उजाला की ख़बर है कि भारतीय स्टेट बैंक ने एक करोड़ रुपए से कम की जमा पर ब्याज़ दरों में 5 से 10 आधार अंक यानी 0.10 फ़ीसदी तक की बढ़ोतरी की है.

एसबीआई के इस क़दम से एक से दो साल तक जमा की गई रक़म पर ब्याज़ दर 6.70 से बढ़ाकर 6.80 फ़ीसदी होगा.

वहीं वरिष्ठ नागरिकों को 7.20 की जगह 7.30 फ़ीसदी ब्याज मिलेगा. इसके अलावा दो से तीन साल तक की जमा रकमों पर मिलने वाले ब्याज 6.75 से बढ़ाकर 6.80 फ़ीसदी किया जाएगा.

वरिष्ठ नागरिकों के मामले में ये इसे 0.5 फ़ीसद बढ़ाकर 7.30 फ़ीसद किया जाएगा.

बैंक की ओर से अन्य जमा अवधि की दरों में बदलाव नहीं किया गया है. तीन से पांच साल की जमा के लिए ब्याज दर 6.80 फ़ीसदी है.

Monday, November 26, 2018

गांगुली का खुलासा, बताया क्यों हुए थे PAK के खिलाफ टीम से बाहर

पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली महिला क्रिकेट टीम की सबसे सीनियर खिलाड़ी मिताली राज को इंग्लैंड के खिलाफ वर्ल्ड टी-20 के सेमीफाइनल में बाहर किए जाने से हैरान नहीं है और उन्होंने कहा कि जब वह अपने करियर के चरम पर थे तब उन्हें भी इसी तरह से बाहर किया गया था.

वनडे टीम की कप्तान मिताली ने पाकिस्तान और आयरलैंड के खिलाफ अर्धशतक जमाए लेकिन उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतिम लीग मैच से विश्राम दिया गया और इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में भी उन्हें अंतिम एकादश में नहीं रखा गया जिसमें भारत को आठ विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी.

गांगुली ने कहा, ‘भारत की कप्तानी करने के बाद मुझे भी डगआउट में बैठना पड़ा था. जब मैंने देखा कि मिताली राज को भी बाहर किया गया है तो मैंने कहा, ‘इस ग्रुप में आपका स्वागत है.’

सौरव गांगुली ने पाकिस्तान के खिलाफ 2006 में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच को याद करते हुए कहा, ‘कप्तान आपको बाहर बैठने के लिए कहते हैं तो वैसा करो. मैंने फैसलाबाद में ऐसा किया था. मैं 15 महीने तक वनडे नहीं खेला जबकि मैं संभवत वनडे में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहा था. जिंदगी में ऐसा होता है. कभी-कभी दुनिया में आपको बाहर का रास्ता भी दिखाया जाता है.’

India vs Australia: कोहली के चौके से सिडनी में जीता भारत, 1-1 से बराबर हुई टी-20 सीरीज

गांगुली ने हालांकि कहा कि मिताली के लिए रास्ते अभी बंद नहीं हुए हैं. उन्होंने कहा, ‘आपको हमेशा यह याद रखना चाहिए कि आप सर्वश्रेष्ठ हो क्योंकि आपने कुछ अच्छा किया है और मौका फिर से आएगा. इसलिए मिताली राज को बाहर बैठने के लिए कहने पर मुझे निराशा नहीं हुई. मैं मैदान पर प्रतिक्रियाओं को देखकर निराश नहीं हूं.’

गांगुली ने कहा, ‘लेकिन मुझे निराशा है कि भारत सेमीफाइनल में हार गया क्योंकि मुझे लगता है कि वह आगे बढ़ सकता था. ऐसा होता है कि क्योंकि कहा भी जाता है कि जिंदगी में कोई गारंटी नहीं है.’

क्रुणाल पंड्या का कमाल, ऑस्ट्रेलिया में बनाया यह विराट रिकॉर्ड

पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बारे में गांगुली ने कहा कि वह अब भी बड़े छक्के लगाने में सक्षम हैं और उन्हें टीम में बने रहना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘वह एक और चैंपियन है. वर्ल्ड टी-20 में जीत के बाद पिछले 12-13 वर्षों से उनका शानदार करियर रहा. जिंदगी में आप जो भी काम कर रहे हो, जहां भी हो, आप की जो भी उम्र है या आपके पास जितना भी अनुभव है आपको शीर्ष स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन जारी रखना होगा अन्यथा कोई आपका स्थान ले लेगा.’

गांगुली ने कहा, ‘मैं उन्हें शुभकामना देता हूं क्योंकि हम चाहते हैं कि चैंपियन अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें. मेरा अब भी मानना है कि वह लंबे शॉट मार सकता है. वह बेजोड़ क्रिकेटर है.’